
एमसीबी जिला के पोड़ी क्षेत्र में एक बार फिर कोयले के अवैध उत्खनन और परिवहन का मामला सामने आया है, जिस पर प्रशासन की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है। वन परिक्षेत्र बैकुंठपुर के अंतर्गत आने वाले पोड़ी के 7 नंबर और 12 नंबर बंद पड़ी खदानों के जंगलों में भारी मात्रा में कोयले का अवैध खनन किया जा रहा है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, खदानों में बड़े-बड़े मुहाड़े बनाकर कोयला निकाला जा रहा है। इस अवैध गतिविधि में सुरक्षा मानकों की पूरी तरह अनदेखी की जा रही है, जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। खदानों के भीतर बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के मजदूरों से काम कराया जा रहा है, जो उनके जीवन के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।


ज्ञात हो कि इससे पहले घुटरा क्षेत्र में इसी तरह की लापरवाही के चलते एक जानलेवा घटना घट चुकी है, जिसमें कई लोगों की जान जोखिम में पड़ी थी। बावजूद इसके, प्रशासन द्वारा सबक नहीं लिया जाना चिंता का विषय है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध उत्खनन और परिवहन पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में कब तक मौन रहता है और कब ठोस कदम उठाए जाते हैं।



