सोनहत रेंजर की बड़ी कार्रवाई: अवैध उत्खनन में संलिप्त 2 ट्रक जब्त
सोनहत रेंजर की बड़ी कार्रवाई: अवैध उत्खनन में संलिप्त 2 ट्रक जब्त

छत्तीसगढ़/ कोरिया
सोनहत। वन क्षेत्र में अवैध उत्खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोनहत वन परिक्षेत्र अधिकारी (रेंजर) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध उत्खनन में संलिप्त दो ट्रक वाहनों को जब्त किया है। यह कार्रवाई जंगल परिसर के भीतर बिना अनुमति खनिज उत्खनन किए जाने की सूचना पर की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वन विभाग की टीम ने गश्त के दौरान जंगल क्षेत्र में अवैध उत्खनन एवं खनिज परिवहन की गतिविधियों का पता लगाया। मौके पर जांच के दौरान दो ट्रक वाहनों को खनिज सामग्री के साथ पकड़ा गया, जिन्हें नियमानुसार जब्त कर विभागीय अभिरक्षा में रखा गया है।
वन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जंगल परिसर के भीतर किसी भी प्रकार का अवैध उत्खनन गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। ऐसे मामलों में संबंधित वाहन मालिकों एवं संचालकों के विरुद्ध वन एवं खनिज अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
रेंजर ने चेतावनी देते हुए कहा कि वन भूमि में अवैध उत्खनन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। यदि जांच में नियमों का उल्लंघन प्रमाणित होता है तो जब्त वाहनों की राजसात की कार्यवाही भी की जा सकती है।
वन विभाग ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि वे वन संपदा एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में सहयोग करें तथा किसी भी अवैध उत्खनन की जानकारी तत्काल विभाग को दें। विभाग द्वारा आगे भी लगातार निगरानी और कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।



